माफिया खुली जिप्सी में पिस्तौल लहराते हुए अब नहीं दिखेगा, योगी की दहाड़ 

Spread the love

माफिया खुली जिप्सी में पिस्तौल लहराते हुए अब नहीं दिखेगा, योगी की दहाड़

बडी खबर है मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मऊ की धरती से अपराधियों और माफियाओं को सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में कानून का राज है और किसी भी गुंडे में इतना साहस नहीं बचा कि वह खुलेआम लोगों को धमका सके। सीएम ने कहा कि पहले त्योहारों और धार्मिक आयोजनों में उपद्रव कराया जाता था, लेकिन अब ऐसा करने वालों की जगह जेल में होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में अराजकता का माहौल था। मऊ में भरत मिलाप जैसे आयोजनों पर हमले होते थे और माफिया खुलेआम हथियार लहराते घूमते थे। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय की सरकारें माफियाओं के सामने नतमस्तक रहती थीं, जबकि आज अपराधियों पर बुलडोजर चलता है और गरीबों को न्याय मिलता है।

सीएम योगी ने कहा कि आज प्रदेश में बेटी और व्यापारी दोनों सुरक्षित हैं। अब व्यापारी सूर्यास्त के बाद भी बिना डर कारोबार कर रहे हैं और बेटियां रात की शिफ्ट में भी काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपराध और भ्रष्टाचार पर कठोर कार्रवाई कर प्रदेश में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बनाया है।

मुख्यमंत्री ने विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मऊ में 392 करोड़ रुपये की 114 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। इनमें सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार बिना भेदभाव विकास कार्य कर रही है और हर गरीब तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

अपने संबोधन के अंत में सीएम योगी ने जनता से विकास और सुशासन के लिए समर्थन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब दंगा और माफिया मुक्त प्रदेश बन चुका है और सरकार गरीब, किसान, नौजवान और महिलाओं के सम्मान व सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *