आजमगढ़: पहाड़पुर में पेड़ पर लटका मिला युवक
आजमगढ़ से बड़ी खबर रौनापार थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव से है। यहां 32 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नीम के पेड़ पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, युवक का शव अच्छेलाल पटेल के घर से कुछ दूरी पर मिला। ग्रामीणों की नजर पड़ने के बाद मौके पर भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही रौनापार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, युवक की जेब से मोबाइल फोन और पेन ड्राइव मिली। मोबाइल के जरिए युवक की पहचान प्रदीप कुमार पुत्र बलिहारी के रूप में हुई है। प्रदीप कुमार बालाजानी रचनपट्टी का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई।
फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





