आजमगढ़ पहुंचे डिप्टी सीएम, विनोद राय की मां के निधन पर शोक संवेदना

Spread the love

आजमगढ़: सपा तुष्टिकरण और अराजकता की राजनीति करती है : बृजेश पाठक

आजमगढ़ पहुंचे डिप्टी सीएम, विनोद राय की मां के निधन पर शोक संवेदना;

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी दिए निर्देश

आजमगढ़ : प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक शुक्रवार को आजमगढ़ पहुंचे। उन्होंने भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय की माता के निधन पर उनके आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि सपा केवल तुष्टिकरण की राजनीति करती है। सपा का इतिहास गुंडागर्दी, फसाद और अराजकता फैलाने का रहा है।

 

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश विकास के मामले में प्रथम स्थान पर है। सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के हित में काम कर रही है। सपा के नए नीले ड्रेस कोड को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी इन दिनों अपना बहुरूपियापन कर रही है।

 

लखनऊ पोस्टमार्टम हाउस में मंत्री संजय निषाद के धरने पर बैठने के सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि पीड़ित को न्याय दिलाना सरकार का कर्तव्य है। सरकार हर पीड़ित के साथ खड़ी है और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

बाढ़ की स्थिति पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का संज्ञान ले रहे हैं। प्रभावित लोगों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल कैंप लगाकर लोगों को दवाएं वितरित की जा रही हैं और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

 

एच-1 एन-1 (स्वाइन फ्लू) को लेकर उन्होंने जनता से सावधानी बरतने की अपील की। कहा कि लोग मास्क का प्रयोग करें और चिकित्सक की सलाह के अनुसार समय पर दवा लें। किसी भी प्रकार के लक्षण होने पर लापरवाही न बरतें और चिकित्सकीय परामर्श लें।

 

मंडलीय चिकित्सालय में मशीनों के बंद होने की शिकायत पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है। अब व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लिया गया है और मशीनें संचालित हो रही हैं। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *