ढढ़वारा खुर्द में लगी ग्राम चौपाल, योजनाओं की दी गई जानकारी
बीडीओ पियूष त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुआ आयोजन; वरासत में देरी पर जताई नाराजगी, लेखपाल को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
खेतासराय जौनपुर : विकास खण्ड शाहगंज के अन्तर्गत ग्राम पंचायत ढढ़वारा खुर्द में शुक्रवार को ‘गाँव की समस्या, गाँव में समाधान’ के तहत भव्य ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खण्ड विकास अधिकारी शाहगंज पियूष त्रिपाठी ने की। संचालन सहायक विकास अधिकारी (कृषि) धर्मेंद्र कुमार ने किया, जबकि जनपद स्तर से नामित नोडल अधिकारी डॉक्टर कमल रंजन, जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी, की देख-रेख में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। चौपाल में खण्ड विकास अधिकारी पियूष त्रिपाठी ने आयुष्मान भारत योजना, संस्थागत प्रसव, पोषण एवं सुरक्षित पेयजल के महत्व की जानकारी दी। साथ ही नियमित टीकाकरण को लेकर फैली भ्रांतियों और अफवाहों को दूर करने का आह्वान किया। कृषि विभाग की टीम ने किसानों को उन्नत बीज वितरण, अनिवार्य फॉर्मर रजिस्ट्री तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत लंबित स्टॉप केस के निस्तारण एवं नए आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी दी।
इस दौरान जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र संबंधी नियमों पर चर्चा करते हुए अधिकारियों ने बताया कि राशन कार्ड, मनरेगा, किसान सम्मान निधि, वृद्धा एवं विधवा पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आधार कार्ड से मोबाइल नम्बर लिंक होना आवश्यक है। राजस्व विभाग से जुड़े भूमि विवाद एवं पैमाइश संबंधी मामलों को भी गंभीरता से सुना गया और कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। चौपाल के दौरान वरासत के मामलों में देरी होने पर खण्ड विकास अधिकारी ने राजस्व टीम पर नाराजगी जताई तथा लेखपाल शिव प्रसाद को समयबद्ध तरीके से लंबित वरासत फाइलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान अमीना परवीन, ग्राम पंचायत सचिव विपिन यादव, एडीओ आरडी प्रमोद सिंह, सुजीत यादव, मुकेश राजभर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।





