नालियों की दुर्गंध और सड़क किनारे पड़े कचरे से फूटा बरदह बाजारवासियों का गुस्सा, आंदोलन की चेतावनी
बरदह(आजमगढ़)राष्ट्रीयराजमार्ग-NH128 (गोरखपुर-प्रयागराज मार्ग) स्थित बरदह बाजार में वर्षों से जलनिकासी की समस्या और नालियों में सड़ते गंदे पानी से बाजारवासियों का जनजीवन प्रभावित है। सड़क किनारे नालियों से निकाली गई मिट्टी और कचरे के ढेर तथा बदबू से स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आक्रोशित व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने जल्द समाधान नहीं होने पर चक्का जाम आंदोलन की चेतावनी दी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि करीब पांच वर्षों से बरदह बाजार में नालियों का पानी निकासी न होने के कारण सड़ रहा है। बाजार के दोनों ओर नालियां जाम हैं और उनका स्थायी निकास न होने से गंदा पानी बाजार में ही जमा रहता है। हाल ही में एनएच विभाग द्वारा जेसीबी से नालियों की सफाई तो कराई गई, लेकिन निकाली गई मिट्टी और कचरा सड़क किनारे तथा दुकानों के सामने ही छोड़ दिया गया। बरदह थाने के सामने समेत कई स्थानों पर पड़े कचरे से दुर्गंध फैल रही है और फिसलन के कारण लोग गिरकर चोटिल भी हो रहे हैं।व्यापारियों का कहना है कि बाजार में आने वाले ग्राहकों, राहगीरों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। बरसात के चलते स्थिति और गंभीर हो गई है तथा गंदे पानी और कचरे से संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बढ़ गई है।बाजारवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर जिलाधिकारी, मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल और एनएच विभाग सहित कई स्तरों पर शिकायत की जा चुकी है, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं निकल सका है। उनका आरोप है कि केवल औपचारिक सफाई कर विभाग अपनी जिम्मेदारी पूरी मान लेता है, जबकि जलनिकासी की मूल समस्या जस की तस बनी हुई है।वहीं, एनएच विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि नालियों की सफाई कराई गई है, लेकिन पानी की स्थायी निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण दोनों ओर की नालियों को पूरी तरह नहीं खोला जा सका। स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था बनने के बाद ही समस्या का समाधान संभव है।
आक्रोशित बाजारवासियों ने प्रशासन से तत्काल जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने, सड़क किनारे पड़े कचरे और मिट्टी को हटाने तथा बाजार को बदबू और जलभराव से राहत दिलाने की मांग की है। चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो बाजारवासी सड़क पर उतरकर चक्का जाम करने को मजबूर होंगे।
प्रदर्शन करने वालों में विकास राय, आंसू , अंकित राय ,रामचंद्र, रामचरण, रामकरण, राममिलन, सोनू राय, छबीले मोदनवाल, संजय, संदीप, राजू तिवारी, रामलाल यादव, दुलार यादव, सती सेठ, बेचन सरोज, अजय मोदनवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं स्थानीय नागरिक शामिल रहे। एसडीएम मार्टिनगंज बलराम गुप्ता ने बताया कि मैं कल ही ज्वाइन किया हूं मैं नया आया हूं ।पानी के बहाव का अस्थाई सॉल्यूशन लेखपाल द्वारा दिखवाकर खुलवाया जाएगा।





