स्वास्थ्य सेवाओं में पैरामेडिकल कर्मियों की भूमिका अहम, आईपीए ने मनाया स्थापना दिवस
हरवंशपुर स्थित सिंहासिनी वाटिका के सभागार में मंगलवार को इंडियन पैरामेडिकल एसोसिएशन यानी आईपीए का स्थापना दिवस और फिजियोथेरेपी-डे समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में पैरामेडिकल कर्मियों और फिजियोथेरेपिस्ट की बढ़ती भूमिका पर चर्चा हुई।
मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्णमुरारी विश्वकर्मा ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में चिकित्सकों के साथ पैरामेडिकल कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में पैरामेडिकल कर्मियों का योगदान सराहनीय है। कोरोना काल में भी इन कर्मियों ने पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई।

वहीं भाजपा लालगंज के पूर्व जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि स्थापना दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि समाज की सेवा के संकल्प को मजबूत करने का दिन है। उन्होंने फिजियोथेरेपी के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत बताई और एसोसिएशन की लंबित मांगों को शासन तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में डॉ. नीतीश यादव, डॉ. बीके पटेल और डॉ. विजय कुमार त्रिपाठी समेत कई चिकित्सक और एसोसिएशन के सदस्य मौजूद रहे। प्रदेश संयोजक मुकेश यादव ने अतिथियों का आभार जताया। अंत में एसोसिएशन की ओर से मांग पत्र सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की गई।





