आजमगढ़,उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए आजमगढ़ प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने रविवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने श्री अग्रसेन महिला महाविद्यालय आजमगढ़ और शिब्ली नेशनल इण्टर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, बैठने की व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया गया। डीएम और एसएसपी ने केंद्र व्यवस्थापकों, कक्ष निरीक्षकों तथा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से कराई जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। जनपद के कुल 13 परीक्षा केंद्रों पर यह भर्ती परीक्षा तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत आयोजित की जा रही है। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में हो रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जा रही है। प्रत्येक पाली में 5808 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए हर केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है, जो लगातार निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ नियंत्रित करने और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश भी दिए हैं। कड़ी सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी के बीच आजमगढ़ में होमगार्ड भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई जा रही है




