लालगंज तहसील में नारी शक्ति प्रेरणा कैंटीन का शुभारंभ
लालगंज (आजमगढ़)। तहसील परिसर में सोमवार को नवनिर्मित नारी शक्ति प्रेरणा कैंटीन का शुभारंभ जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने फीता काटकर किया। कैंटीन का संचालन महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ी समूह सखियों द्वारा किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि कैंटीन के माध्यम से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्वरोजगार और नियमित आय का अवसर मिलेगा। इससे महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। तहसील आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन को उचित दर पर स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खान-पान की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

उन्होंने कैंटीन में साफ-सफाई और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने वाली ऐसी पहलें समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनती हैं।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक सच्चिदानंद प्रसाद, उपायुक्त स्वतः रोजगार डॉ. आराधना त्रिपाठी, एसडीएम नेहा मिश्रा, बीडीओ विनीत कुमार यादव समेत स्वयं सहायता समूह की सखियां पूनम, सरिता, शकुंतला, इंद्रा, दुर्गा, गीता और वंदना मौजूद रहीं।





