उत्तर प्रदेश स्काउट केयर अभियान के अंतर्गत मंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन
मऊ। उत्तर प्रदेश स्काउट केयर अभियान के अंतर्गत भारत स्काउट्स एवं गाइड्स,उत्तर प्रदेश राजस्व जनपद और महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ के तत्वावधान में डी.सी.एस.के. पी.जी. कॉलेज, मऊ के सभागार में मंडल स्तरीय नुक्कड़ नाटक, एकल गीत एवं स्लोगन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आजमगढ़ मंडल के आजमगढ़, बलिया एवं मऊ जनपदों के स्काउट-गाइड तथा रोवर-रेंजर ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का आयोजन डॉ. प्रभात कुमार, प्रादेशिक मुख्य आयुक्त, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, उत्तर प्रदेश के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से किया गया। उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश स्काउट केयर अभियान के माध्यम से स्काउट-गाइड एवं रोवर-रेंजर के विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने तथा उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए निरंतर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर श्री शैलेश प्रकाश, सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त, मंडल आजमगढ़ ने कहा कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स केवल अनुशासन, सेवा एवं नेतृत्व का प्रशिक्षण ही नहीं देता, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व एवं कैरियर निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने आजमगढ़ मंडल एवं महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय से जुड़े स्काउट-गाइड तथा रोवर-रेंजर छात्र-छात्राओं को विश्वास दिलाया कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स उनके कैरियर एवं व्यक्तित्व के उत्तरोत्तर विकास में सदैव अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करता रहेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सुधीर कुमार सिंह, अध्यक्ष, भूगोल विभाग ने की। उन्होंने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं की प्रतिभा एवं उत्साह की सराहना करते हुए आजमगढ़, बलिया एवं मऊ के सभी प्रभारियों एवं प्रशिक्षकों को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. घनश्याम दुबे ने किया। इस अवसर पर डॉ. नीरज कुमार सिंह, डॉ. प्रशांत पांडेय, श्री अवधेश यादव, श्री अखिलेश चौहान, श्री सौरभ पांडेय सहित आजमगढ़, बलिया एवं मऊ जनपदों के स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर, प्रभारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों ने सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नशामुक्ति, राष्ट्र सेवा एवं युवा सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम ने युवाओं में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।
अंत में आयोजकों द्वारा सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों, प्रभारियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार के रचनात्मक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया गया।





