Spread the love

मुबारकपुर में दोस्त ही कातिल, जमीन और पैसों के विवाद में युवक के साथ कर दिया कांड

आजमगढ़ के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में हुए सुशील हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक जमीन की खरीद-फरोख्त और पैसों के लेनदेन को लेकर दोस्तों ने ही अपने साथी की हत्या की साजिश रची। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि हत्या में इस्तेमाल तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

दरअसल 20 मई की रात सुशील कुमार अपने साथी उमाशंकर उर्फ पिंटू यादव के साथ चार पहिया वाहन से निमंत्रण में गया था। देर रात सूचना मिली कि रानीपुर गांव के पास सुशील की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मामले में मुबारकपुर थाने में हत्या और SC/ST एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस जांच के दौरान सीडीआर, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीन रिक्रिएशन के आधार पर बड़ा खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि हत्या की साजिश खुद सुशील के साथी उमाशंकर उर्फ पिंटू यादव ने रची थी। इसके बाद पुलिस ने उमाशंकर यादव और वीरेंद्र उर्फ बिंदु यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जमीन की खरीद-फरोख्त और पैसों के विवाद को लेकर पहले से हत्या की योजना बनाई गई थी। सुनसान रास्ते पर ले जाकर उमाशंकर ने गाड़ी में बैठे सुशील के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने घटना को दूसरी दिशा देने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक उमाशंकर ने अपनी ही गाड़ी पर फायरिंग की और अवैध तमंचा वीरेंद्र यादव को छिपाने के लिए दे दिया। बाद में पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद कर लिए। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *