आजमगढ़ के सरकारी अस्पताल में बदहाल व्यवस्था उजागर
आजमगढ़, के सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के दावों के बीच जिला अस्पताल की व्यवस्था पर मंगलवार को सवाल खड़े हो गए। स्टेचर नहीं मिलने पर एक पति को अपनी घायल पत्नी को गोद में उठाकर सीटी स्कैन कक्ष तक ले जाना पड़ा। घटना का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली चर्चा का विषय बनी हुई है।
सरायमीर क्षेत्र के खनका गांव निवासी 26 वर्षीय अंतिमा दो दिन पूर्व छत से गिरकर घायल हो गई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे पति योगेंद्र प्रसाद उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। इमरजेंसी में चिकित्सक ने जांच के बाद सीटी स्कैन कराने की सलाह दी।
आरोप है कि सीटी स्कैन कक्ष तक मरीज को ले जाने के लिए काफी देर तक स्टेचर और व्हीलचेयर नहीं मिल सकी। कई बार अनुरोध के बावजूद व्यवस्था न होने पर योगेंद्र ने पत्नी को गोद में उठाया और सीटी स्कैन कक्ष तक पहुंचाया। इस दौरान मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
घटना के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद मरीजों को बुनियादी सुविधाएं समय पर नहीं मिल पा रही हैं। वहीं जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ. रामकेवल पासवान ने कहा कि इमरजेंसी के पास पर्याप्त स्टेचर उपलब्ध हैं। यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।





