मुख्यमंत्री के वीसी उपरांत डीएम ने जूम बैठक में मौसम एवं आपदा चेतावनी प्रणाली को और सटीक बनाने का दिया निर्देश

Spread the love

मुख्यमंत्री के वीसी उपरांत डीएम ने जूम बैठक में मौसम एवं आपदा चेतावनी प्रणाली को और सटीक बनाने का दिया निर्देश

डीएम ने राहत एवं आपदा प्रबन्धन कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा निर्देश

आजमगढ़ 24 मई 2026/ मा. मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिए गए निर्देशों के क्रम में जनपद में आगामी मौसम संबंधी परिस्थितियों,आंधी-तूफान, वर्षा एवं संभावित आपदाओं के दृष्टिगत सभी संबंधित विभागों को पूर्ण सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

वीसी उपरांत जिलाधिकारी रविंद कुमार ने जूम मीटिंग के माध्यम से समस्त उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहकर स्थिति पर सतत निगरानी बनाए रखें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कर आमजन को मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया जाए। ग्राम प्रधानों, लेखपालों, पंचायत सचिवों एवं अन्य क्षेत्रीय कर्मचारियों के माध्यम से लोगों तक समय से सूचनाएं पहुंचाई जाएं।

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सिंचाई विभाग, नगर निकाय एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को भी अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की आकस्मिक स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया जा सके। साथ ही सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि किसी भी घटना की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *