मतदाता सूची में गड़बड़ी मिली तो होगा सुधार, एसडीएम नेहा मिश्रा ने परखी बूथों की व्यवस्था
लालगंज (आजमगढ़)। मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से लालगंज तहसील की उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा व नायब तहसीलदार गौरव कुमार ने विधानसभा क्षेत्र लालगंज के विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ रजिस्टर की जांच की और संबंधित बीएलओ को संशोधित प्रारूप में रजिस्टर तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही मतदाता सूची के शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने पंचायत भवन अगेहता स्थित बूथ संख्या 243 से 252, प्राथमिक विद्यालय डंडवल के बूथ संख्या 428 से 437, प्राथमिक विद्यालय मईखरगपुर के बूथ संख्या 76 से 81 तथा प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर जयद्रथयति के बूथ संख्या 67 से 75 का जायजा लिया। पंचायत भवन अगेहता में संबंधित बूथों के बीएलओ, सुपरवाइजर, ग्राम प्रधान और अन्य ग्रामीणों की मौजूदगी में मतदाता सूची पढ़कर सुनाई गई। इस दौरान मतदाता सूची में संभावित त्रुटियों और विसंगतियों की पहचान कर नियमानुसार उनके निस्तारण की प्रक्रिया अपनाने पर जोर दिया गया।
एसडीएम ने सभी बीएलओ के रजिस्टरों की जांच करते हुए उन्हें संशोधित प्रारूप के अनुसार रजिस्टर तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे, इसके लिए बीएलओ और सुपरवाइजर आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी बीएलओ अपने सुपरवाइजर के साथ बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाता सूची का मिलान करें। पात्र मतदाताओं का विवरण सही तरीके से दर्ज करने और डिजिटाइजेशन का कार्य शत-प्रतिशत पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है।





