शादी में बवाल, पथराव में कई घायल, अंबेडकर मूर्ति क्षतिग्रस्त रिपोर्ट नीरज सिंह 

Spread the love

रिपोर्ट नीरज सिंह : आज़मगढ़: शादी में बवाल, पथराव में कई घायल, अंबेडकर मूर्ति क्षतिग्रस्त

आज़मगढ़ के फूलपुर थाना क्षेत्र के खानपुर चितरावल गांव में एक शादी समारोह उस वक्त हिंसा में बदल गया, जब नशे में धुत कुछ बरातियों ने उत्पात मचा दिया। विवाद इतना बढ़ा कि घराती और बराती आमने-सामने आ गए और दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चले। इस घटना में कई लोग घायल हो गए, जबकि प्राथमिक विद्यालय परिसर में लगी डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में किया और कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

मामला आज़मगढ़ के फूलपुर थाना क्षेत्र के खानपुर चितरावल गांव का है, जहां स्वर्गीय जगमोहन बिंद की पुत्री प्रीति की शादी बक्सपुर निवासी पवन बिंद के साथ हो रही थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद गांव वालों के सहयोग से शादी की तैयारियां की गई थीं। बरात को प्राथमिक विद्यालय परिसर में ठहराया गया था, जहां द्वाराचार की रस्में चल रही थीं।

इसी दौरान कुछ बराती प्रतिमा स्थल के पास बैठकर शराब पीने लगे। ग्रामीणों द्वारा इसका विरोध किए जाने पर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट और फिर पथराव में बदल गई। दोनों पक्षों की ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे, जिससे कई लोग घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। कुछ उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया। वहीं, पथराव के दौरान परिसर में स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

सोमवार सुबह थाना प्रभारी देवेंद्र प्रताप भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी किरण पाल सिंह की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया, जिसके बाद माहौल शांत हुआ। पुलिस ने क्षतिग्रस्त प्रतिमा की मरम्मत करा दी है और पूरे मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *