पुरानी रंजिश में मारपीट का आरोप, किसान की मौत, बेटा घायल
आजमगढ़। तरवां थाना क्षेत्र के बनगांव गांव में सुबह पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में एक किसान की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा घायल हो गया। परिजनों ने गांव के तीन लोगों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, गांव निवासी रामबली यादव अपने पुत्र आलोक यादव के साथ खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोग वहां पहुंच गए। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जिसके बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि मारपीट के दौरान रामबली यादव गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आलोक यादव घायल हो गए।
घायल आलोक यादव को उपचार के लिए पीजीआई चक्रपानपुर में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची तरवां पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतक की बहू प्रीति यादव ने आरोप लगाया कि तीन दिन पहले भी दबंगों ने उनके देवर को गांव में बुलाकर मारपीट की थी और पानी में धक्का दे दिया था। उनका आरोप है कि उसी रंजिश के चलते शुक्रवार को शिवकुमार राजभर, दीपक और छोटू ने हमला किया, जिसमें रामबली यादव की मौत हो गई और आलोक यादव घायल हो गए।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण भी स्पष्ट हो सकेंगे।





