हैदराबाद नई बस्ती में अराजक तत्वों ने अंबेडकर प्रतिमा की अंगुली को तोड़ा, ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त, पुलिस ने संभाला मोर्चा
आजमगढ़ जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र के हरैया ब्लॉक अंतर्गत हैदराबाद नई बस्ती के अंबेडकर पार्क में स्थित संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की अंगुली को अराजक तत्वों द्वारा तोड़ दिया गया । यह सूचना क्षेत्र के ग्रामीणों को लगी तो मौके पर भीड़ जुट गई और लोग आक्रोशित हो गए । ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना रौनापार थाने पर दी गई, वहीं सूचना पाकर रौनापार नवागत थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे मय हमराह सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया । ग्रामीण शशिकांत गौतम ने बताया कि गांव के ही निवासी संदीप नामक युवक इस पार्क में आकर बैठे थे, गुरुवार दोपहर करीब 12:00 बजे उनकी निगाह जब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पड़ी तो उंगली टूटी हुई थी । यह खबर लगते ही क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीण की मौके पर पहुंचकर नाराजगी जताई है । वही रामप्यारे ने बताया कि अंबेडकर प्रतिमा की अंगुली को क्षतिग्रस्त किया गया है जो काफी दुखद है, पुलिस प्रशासन से अपील है कि गहनता से जांच पड़ताल कर आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए । गुरुवार दोपहर करीब 2:00 बजे इस संबंध में रौनापार थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे ने बताया कि प्रतिमा की मरम्मत कराई जा रही है, पुलिस मामले की गहनता से जांच पड़ताल में जुट गई है जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी, वही मौके पर शांति व्यवस्था कायम है ।




