चुनावी रंजिश में युवक को गोली मारी, दाहिने हाथ में लगी गोली

Spread the love

चुनावी रंजिश में युवक को गोली मारी, दाहिने हाथ में लगी गोली

आजमगढ़ के थाना रानी की सराय क्षेत्र के कोटवा गांव में शुक्रवार को चुनावी रंजिश को लेकर एक युवक को गोली मार दी गई। गोली दाहिने हाथ में लगने से प्रमोद यादव (41) पुत्र बुलबुल यादव घायल हो गए। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।

बताया गया कि प्रमोद यादव शुक्रवार को कमिश्नर आवास के सामने स्थित शिवास पेट्रोल पंप के पास चाय पीने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी समीर यादव उर्फ ऋषि से कहासुनी हो गई। आरोप है कि कहासुनी के बाद समीर ने अवैध हथियार से प्रमोद पर गोली चला दी। गोली उनके दाहिने हाथ में लगी। फायरिंग की आवाज से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।

परिजनों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच चुनावी रंजिश को लेकर काफी दिनों से विवाद और कहासुनी चल रही थी। घटना के समय आरोपित के पिता उमेश यादव, जो वर्तमान में बीडीसी हैं, भी मौके पर मौजूद थे। सूचना मिलते ही रानी की सराय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया।

थाना पुलिस के अनुसार परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपित की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। पुलिस घटना की जांच करने के साथ ही फायरिंग के कारणों की भी पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *