अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को रौंदा, मौके पर मौत
आजमगढ़ : राहुल सिंह की रिपोर्ट
आजमगढ़ में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सिंघड़ा गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास आजमगढ़-जौनपुर मार्ग पर हुई। मृतक की पहचान बरदह थाना क्षेत्र के बेला खास गांव निवासी 30 वर्षीय आनंद सिंह के रूप में हुई है। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। मृतक के पीछे पत्नी और करीब एक वर्ष की मासूम बच्ची है।
आजमगढ़-जौनपुर मार्ग पर रविवार रात करीब नौ बजे गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सिंघड़ा गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास दर्दनाक सड़क हादसा हुआ।
बरदह थाना क्षेत्र के बेला खास गांव निवासी आनंद सिंह आवश्यक कार्य से आजमगढ़ गए थे और बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने से आनंद सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची गंभीरपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी है। आनंद सिंह पानी सप्लाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से पत्नी अंजली सिंह समेत पूरे परिवार में कोहराम मचा है। मृतक की करीब एक वर्ष की मासूम बच्ची के सिर से पिता का साया उठ गया है।





