आजमगढ़: रजिस्ट्री के बाद 4 लाख रुपये बकाया, पीड़ित ने धमकी का लगाया आरोप

Spread the love

आजमगढ़: रजिस्ट्री के बाद 4 लाख रुपये बकाया, पीड़ित ने धमकी का लगाया आरोप

आजमगढ़। जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र के सेल्हरापट्टी गांव में जमीन और मकान की रजिस्ट्री के बाद भुगतान न मिलने का मामला सामने आया है। पीड़ित बालमुकुंद ने आरोप लगाया है कि सौदे में तय 4 लाख रुपये अब तक नहीं दिए गए, उल्टा पैसे मांगने पर उन्हें धमकाया जा रहा है।पीड़ित के अनुसार, 7 नवंबर 2025 को उन्होंने अपने गांव की निवासी नजमा बेगम, पत्नी स्वर्गीय शौकत अली, के नाम अपनी जमीन और मकान का बैनामा (रजिस्ट्री) किया था। स्टांप पेपर में साफ तौर पर उल्लेख था कि कुल रकम में से 4 लाख रुपये बकाया रहेंगे, जिन्हें निर्धारित समय के भीतर अदा किया जाना था।

बालमुकुंद का कहना है कि मकान में लगे आरओ पानी प्लांट का भुगतान रजिस्ट्री के कुछ दिनों बाद कर दिया गया था, हालांकि यह बात स्टांप पेपर में दर्ज नहीं थी। इसके बावजूद, स्टांप पेपर में दर्ज 4 लाख रुपये की राशि अब तक नहीं दी गई।

पीड़ित का आरोप है कि जब भी उन्होंने बकाया रकम के लिए संपर्क किया, उन्हें टालमटोल किया गया। साथ ही, पैसे मांगने पर उन्हें और उनके परिवार को धमकी देकर मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है।

मामले को लेकर पीड़ित ने तहसील बुढ़नपुर में आपत्ति दर्ज कराई है। यह मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। बावजूद इसके, कथित उत्पीड़न जारी रहने से पीड़ित ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि स्टांप पेपर में दर्ज 4 लाख रुपये की बकाया राशि दिलाई जाए और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *