जिलाधिकारी ने सेल्फी लेकर जनगणना-2027 में सहभागिता का दिया संदेश, जनपदवासियों से की सक्रिय भागीदारी की अपील
स्व-गणना 16 नवम्बर से 30 नवम्बर तक, जनसंख्या गणना 01 दिसम्बर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक
आजमगढ़, जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी रविन्द्र कुमार ने जनगणना-2027 के प्रति जनसामान्य को जागरूक करने तथा स्व-गणना (Self Enumeration) के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से स्वयं सेल्फी लेकर जनपदवासियों को जनगणना के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सहभागिता का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील किया कि वे जनगणना-2027 में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी जनगणना के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि जनगणना देश के विकास की योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े विकास योजनाओं के निर्माण एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अतः प्रत्येक नागरिक की सहभागिता एवं सही जानकारी उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 तक संचालित की जाएगी। इस अवधि में जनपदवासी घर बैठे आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर स्वयं अपने एवं अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से लॉगिन करना होगा। स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत प्राप्त स्व-गणना आईडी (SE ID) को सुरक्षित रखना होगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनसंख्या गणना का कार्य 01 दिसम्बर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। इस अवधि में प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार से निर्धारित लगभग 40 प्रश्नों के माध्यम से जानकारी प्राप्त की जाएगी तथा उसे जनगणना प्रणाली में दर्ज किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी जनपदवासियों से अपील किया कि वे प्रगणकों को सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराते हुए जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्व-गणना करा चुके परिवारों को भी प्रगणक के घर आने पर अपनी स्व-गणना आईडी (SE ID) उपलब्ध करानी होगी, जिससे ऑनलाइन दर्ज जानकारी का मिलान किया जा सके। उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 के अंतर्गत पुनरीक्षण एवं सत्यापन की कार्रवाई 05 जनवरी से 09 जनवरी 2027 तक की जाएगी। इस दौरान जनगणना कार्य से संबंधित आवश्यक पुनरीक्षण एवं सत्यापन की कार्रवाई संपन्न की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से पुनः अपील किया कि वे निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें तथा स्व-गणना की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि जनगणना में प्रत्येक नागरिक द्वारा उपलब्ध कराई गई सही जानकारी देश एवं समाज के बेहतर भविष्य की योजनाएं बनाने में सहायक होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना-2027 में सहभागिता केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि देश के विकास में योगदान देने का महत्वपूर्ण अवसर है।
हमारी जनगणना, हमारा विकास।
आइए, जनगणना-2027 में सहभागी बनें और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।





