आजमगढ़: ट्रेन से कटकर युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम, गांव में शोक की लहर
आजमगढ़ जनपद के तरवां थाना क्षेत्र के आरजी फुलाईच गांव के 19 वर्षीय अभय विश्वकर्मा की ट्रेन से कटकर मौत हो गई, जिससे परिवार में दुख छा गया। गुरुवार को शव गांव पहुंचा तो गांव में शोक का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार अभय विश्वकर्मा, सूबेदार विश्वकर्मा का बेटा था। वह 14 अक्टूबर की शाम गोरखपुर में प्राविधिक परीक्षा देने घर से निकला था। उसने दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन से कृषक एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ी थी। बलिया जिले के उभांव थाना क्षेत्र के तेंदुआ गांव के पास रेलवे के 37वें पोल के समीप हादसा हुआ। रात करीब 8:21 बजे वह ट्रेन कृषक एक्सप्रेस की चपेट में आ गया, जिससे उसकी जान चली गई। रेलवे पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अभय अपने तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था, उसकी मां रीता देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का बुरा हाल है!!





