तीन बच्चों को साड़ी से बांधकर पोखरी में कूदी मां, दो मासूम बेटों की मौत, बेटी ने बचाई जान।

Spread the love

तीन बच्चों को साड़ी से बांधकर पोखरी में कूदी मां, दो मासूम बेटों की मौत, बेटी ने बचाई जान।

आजमगढ़ में सरायमीर थाना क्षेत्र के करछा गांव में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक महिला अपने तीन मासूम बच्चों को साथ लेकर घर से निकली और कथित तौर पर उन्हें साड़ी से बांधकर पोखरी में छलांग लगा दी। इस हृदयविदारक घटना में दो मासूम बेटों की डूबने से मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय बेटी ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए किसी तरह बंधन खोलकर अपनी जान बचा ली। जबकि महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, हालांकि शुरुआती जांच में पारिवारिक कलह की आशंका जताई जा रही है।

 

बताया गया कि जयप्रदा पत्नी बिंदलेश यादव अपने तीनों बच्चों को दवा दिलाने की बात कहकर घर से निकली थीं। वह सरायमीर कस्बे में वी-मार्ट के पीछे स्थित एक पोखरी के पास पहुंचीं। जहां वह अपनी साड़ी से तीनों बच्चों को बांधा और फिर पोखरी में कूद गईं। घटना के दौरान आठ वर्षीय बेटी मानवी ने हिम्मत नहीं हारी। उसने किसी तरह साड़ी का बंधन खोल लिया और पानी से बाहर निकल आई। इसके बाद वह करीब तीन किलोमीटर पैदल चलकर गांव पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। बच्ची की बात सुनते ही परिवार के लोग और ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया

लेकिन तब तक दो वर्षीय राघव और तीन वर्षीय कृष्ण की डूबने से मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने महिला को भी पोखरी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। महिला जयप्रदा मूल रूप से दीदारगंज थाना क्षेत्र के खरसन गांव की रहने वाली हैं। परिजनों के मुताबिक वह लगभग 15 दिन पहले अपने तीनों बच्चों के साथ लखनऊ गई थीं, लेकिन रायबरेली से वापस लौट आई थीं। शुरुआती जांच में घटना के पीछे पारिवारिक कलह की आशंका जताई जा रही है, दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है। स्थानीय थाने की पुलिस अन्य सभी संभावित कारणों की भी गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *