पति की मौत के चार दिन बाद मकान को लेकर विवाद, पुलिस पर जबरन कब्जा दिलाने का आरोप

Spread the love

पति की मौत के चार दिन बाद मकान को लेकर विवाद, पुलिस पर जबरन कब्जा दिलाने का आरोप

लालगंज (आजमगढ़)। नगर पंचायत क्षेत्र के दीनदयाल नगर में एक मकान को लेकर विवाद उस समय गहरा गया जब मृतक साधु यादव की मौसी रीता यादव और मौसेरी बहन सोनी यादव ने पुलिस पर दरवाजा तोड़कर जबरन कब्जा दिलाने का आरोप लगाया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि पुलिस की मौजूदगी में मकान का दरवाजा तोड़ा गया, जबकि उस समय घर के अंदर मां-बेटी मौजूद थीं।

आरोप है कि पुलिस कार्रवाई से घबराकर दोनों तीसरी मंजिल पर पहुंच गईं। उनका कहना है कि पुलिसकर्मी वहां तक पहुंच गए और दरवाजा पीटने लगे। भयभीत होकर मां-बेटी ने छत से कूदकर आत्महत्या करने की चेतावनी दी, जिसके बाद पुलिस उन्हें घर से बाहर लेकर आई।

बताया गया कि दीनदयाल नगर निवासी साधु यादव (42) की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। आरोप है कि परिजनों ने जल्दबाजी में शव का अंतिम संस्कार कर दिया और रिश्तेदारों को इसकी सूचना तक नहीं दी।

रीता यादव का कहना है कि उनकी मौसी की कोई संतान नहीं थी, इसलिए उन्होंने अपनी जमीन पर साधु यादव को पुत्रवत मानते हुए मकान बनवाकर रहने दिया था। उनका दावा है कि संबंधित मकान साधु यादव के नाम है और उनकी मौत के महज चार दिन बाद ही उस पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।

मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। वहीं, पुलिस पर लगाए गए आरोपों के बाद पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है। हालांकि, पुलिस और प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *