दिल्ली से चोरी कर मणिपुर ले जा रहे 50 लाख की फॉर्च्यूनर बरामद, अंतरराज्यीय गिरोह का सदस्य गिरफ्तार
रिपोर्ट भूपेंद्र सिंह
आजमगढ़ के तहबरपुर थाना पुलिस ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर चेकिंग के दौरान अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर करीब 50 लाख रुपये कीमत की चोरी की फॉर्च्यूनर कार बरामद की है। आरोपी दिल्ली से चोरी कर वाहन को मणिपुर ले जाकर बेचने की फिराक में था। पुलिस ने उसके कब्जे से वाहन के मूल अभिलेख, 2 मोबाइल फोन और 1200 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में मोहर्रम पर्व के मद्देनजर चल रही चेकिंग के दौरान गुरुवार तड़के करीब 2:50 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 226.3 स्थित सरदहां अंडरपास के पास रेस्ट लेन में एक संदिग्ध फॉर्च्यूनर खड़ी मिली। पुलिस के पहुंचते ही चालक भागने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान तोइजम नटराज सिंह (37) पुत्र तोइजम निमाई सिंह, निवासी वांगखेई थंबालखोंग, थाना पोरम्पाट, जिला इम्फाल ईस्ट (मणिपुर) के रूप में बताई। जांच में वाहन का वास्तविक नंबर DL10CA0100 मिला, जो दिल्ली से चोरी की गई फॉर्च्यूनर निकली। आरोपी ने स्वीकार किया कि वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसे मणिपुर ले जाया जा रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका संपर्क दिल्ली निवासी अमित नामक व्यक्ति से एक मैसेजिंग ऐप के माध्यम से था। अमित दिल्ली और आसपास से लग्जरी वाहन चोरी कर उपलब्ध कराता था, जबकि आरोपी फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वाहनों को मणिपुर के उखरूल क्षेत्र में सिमरे नामक व्यक्ति तक पहुंचाता था। इसके बदले उसे प्रति वाहन 30 हजार रुपये मिलते थे। उसने स्वीकार किया कि इससे पहले भी वह दो चोरी की गाड़ियां दिल्ली से मणिपुर पहुंचा चुका है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध नई दिल्ली के हरिनगर और पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी थाने में भी वाहन चोरी के दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष आदित्य कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रविन्द्र प्रताप यादव, उपनिरीक्षक लोकेश मणि त्रिपाठी, कांस्टेबल ताहिर अली, कांस्टेबल सत्यम सिंह एवं रिक्रूट कांस्टेबल आनंद राय की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





