फरिहा गांव में मौसमी वायरस की सूचना पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम, बच्ची की मौत वायरस से नहीं
आजमगढ़ के विकासखंड रानी की सराय के फरिहा गांव में मौसमी वायरस फैलने की चर्चा के बाद सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. उमाशरण पांडेय के नेतृत्व में टीम ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी जुटाई और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी के साथ प्रभारी चिकित्सा अधिकारी कैप्टन डॉ. मनीष तिवारी समेत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव का भ्रमण किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से मौसमी वायरस को लेकर जानकारी ली और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में पूछताछ की।


मीडिया से बातचीत में डॉ. उमाशरण पांडेय ने बताया कि फरिहा गांव में किसी अन्य व्यक्ति में किसी प्रकार का वायरस नहीं पाया गया है। जिस बच्ची की मौत हुई थी, उसकी मौत पेट दर्द और उल्टी के कारण हुई थी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग मामले पर निगरानी बनाए हुए है और आवश्यक जांच की जा रही है।
गांव का भ्रमण करने के बाद टीम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फरिहा पहुंची। यहां अपर मुख्य चिकित्साधिकारी ने मरीजों की जांच की और उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित कीं। मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी गई।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि बच्चों को ताजा भोजन ही खिलाएं। बासी भोजन खुद भी न खाएं और बच्चों को भी इससे दूर रखें। उन्होंने कहा कि खानपान में सावधानी बरतकर कई तरह की बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।
इस दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी कैप्टन डॉ. मनीष तिवारी, डॉ. शादाब, डॉ. विनोद, ग्राम प्रधान अबूबकर खान, राजेश यादव, डॉ. सलमान फैजी, फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा, कांस्टेबल रवि मौर्य, अमर बहादुर सिंह, साधना, क्रंदन राय समेत स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।





