आजमगढ़: नाबालिग कर्मचारियों की शिकायत पर वेलनेस स्पा सेंटर में छापेमारी
जांच में दो महिला समेत चारों कर्मचारी मिले बालिग, आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली
आजमगढ़। जीयनपुर नगर पंचायत क्षेत्र के अजमतगढ़ मार्ग स्थित चुनूगपार तिराहे के पास संचालित एक वेलनेस स्पा सेंटर पर रविवार को चाइल्ड लाइन और मानव तस्करी थाना की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर जांच की। 1098 पर मिली शिकायत के आधार पर टीम ने सेंटर में कर्मचारियों की उम्र और दस्तावेजों का सत्यापन किया। जांच में मौके पर मौजूद सभी चार कर्मचारी बालिग पाए गए। टीम को कोई आपत्तिजनक सामग्री भी नहीं मिली।
रविवार दोपहर करीब दो बजे चाइल्ड लाइन की मौनी रॉय और संजय शाही तथा मानव तस्करी थाना के उमेश कुमार सेंटर पर पहुंचे। टीम ने सेंटर के मैनेजर अखिलेश यादव से लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन और कर्मचारियों से संबंधित अभिलेखों की जानकारी ली। इसके बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों के दस्तावेजों की जांच की गई।
जांच के दौरान सेंटर में दो महिला और दो पुरुष कर्मचारी मिले। टीम के अनुसार दस्तावेजों के सत्यापन में सभी की उम्र बालिग पाई गई। चाइल्ड लाइन प्रतिनिधि संजय शाही ने बताया कि 1098 पर शिकायत मिली थी कि स्पा सेंटर में नाबालिग महिला कर्मचारियों से अनैतिक कार्य कराया जा रहा है। शिकायत के आधार पर जांच की गई, लेकिन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई।
स्थानीय स्तर पर स्पा सेंटर को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने की बात भी सामने आई। कुछ लोगों का आरोप है कि बॉडी मसाज की आड़ में अनैतिक गतिविधियों की चर्चा रहती है। हालांकि, इन चर्चाओं की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। रविवार को हुई जांच में टीम को ऐसी गतिविधियों से संबंधित कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली।
टीम के स्पा सेंटर पहुंचने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। काफी देर तक मौके पर लोगों के बीच चर्चा होती रही। जांच की खबर के बाद क्षेत्र में संचालित अन्य स्पा सेंटरों में भी हलचल देखी गई। स्थानीय लोगों ने ऐसे प्रतिष्ठानों की समय-समय पर जांच कराने की मांग की, जिससे नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।





