बाइक की टक्कर से ई-रिक्शा पलटा, चालक गंभीर रूप से घायल
रिपोर्ट भूपेंद्र सिंह | आजमगढ़ जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के एनएच-233 स्थित भीरा चौराहे पर सोमवार को सड़क पार कर रहे ई-रिक्शा में अज्ञात बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा पलट गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार परसौली गांव निवासी नरेंद्र सिंह (30) पुत्र शंकर सिंह ई-रिक्शा लेकर लालगंज बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वह भीरा चौराहे पर सड़क पार कर रहे थे कि वाराणसी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा पलट गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायल को सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।





