आजमगढ़ : फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, जांच में जुटी पुलिस
आजमगढ़ जिले के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के तियरा गांव में शुक्रवार सुबह विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर पंखे से साड़ी के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर थाना प्रभारी अखिलेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान तनु सिंह (27) पत्नी अनिकेश सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सुबह नींद से उठने के बाद घर के लोगों ने तनु का शव फंदे से लटका देखा। जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए।
बताया गया कि तनु मूल रूप से पियरिया, जनपद बलिया की रहने वाली थीं। जून 2023 में उनका विवाह तियरा गांव निवासी अनिकेश सिंह से हुआ था। पति परदेश में रहकर काम करते हैं। तनु अपने बुजुर्ग सास-ससुर और करीब ढाई वर्ष के बच्चे के साथ घर पर रहती थीं।
पुलिस के अनुसार अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।





