जलनिकासी बाहा पर कब्जे की पैमाइश, दो मकान चिह्नित

Spread the love

जलनिकासी बाहा पर कब्जे की पैमाइश, दो मकान चिह्नित

एसडीएम के आदेश पर रोवर मशीन से हुई जांच, कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई की तैयारी

आजमगढ़। बरदह गांव में जलनिकासी के लिए दर्ज भूमि पर कथित अतिक्रमण की शिकायत के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एसडीएम मार्टिनगंज बलराम गुप्ता के निर्देश पर सोमवार को तीन सदस्यीय टीम ने रोवर मशीन से जलनिकासी बाहा की पैमाइश कर स्थिति का जायजा लिया। पैमाइश के दौरान जलनिकासी मार्ग की भूमि में दो मकान चिह्नित किए गए।

ग्रामीणों ने 12 सितंबर को थाना दिवस में प्रार्थना पत्र देकर गाटा संख्या 51 की जलनिकासी के लिए दर्ज भूमि पर कब्जे की शिकायत की थी। ग्रामीणों का आरोप था कि जलनिकासी मार्ग बाधित होने से बारिश का पानी खेतों, मकानों और रास्तों में जमा हो जाता है। इससे करीब एक हजार ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शिकायत के बाद प्रशासन की तीन सदस्यीय टीम ने बरदह बाजार से गांव तक जलनिकासी मार्ग की रोवर मशीन से पैमाइश की। जांच के दौरान रामनवल यादव और विनोद राय के मकान जलनिकासी की भूमि में आने की बात सामने आई। टीम ने संबंधित स्थानों को पत्थर लगाकर चिह्नित भी किया।

टीम ने बताया कि पैमाइश की रिपोर्ट तैयार कर एसडीएम मार्टिनगंज को सौंपी जाएगी। इसके बाद प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम मार्टिनगंज बलराम गुप्ता ने बताया कि सोमवार को तीन सदस्यीय टीम ने रोवर मशीन से पैमाइश की है। जलनिकासी भूमि में दो मकान चिह्नित हुए हैं। इसकी रिपोर्ट बीडीओ को भेजी जाएगी तथा नियमानुसार धारा 67 की कार्रवाई के लिए भी संस्तुति की जाएगी। जल्द ही जलनिकासी मार्ग को कब्जामुक्त कराकर पानी की निकासी की व्यवस्था बहाल कराने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *