बिना मान्यता चल रहे स्कूल की जीप पलटी, 15 बच्चे सवार; एक छात्र घायल

Spread the love

बिना मान्यता चल रहे स्कूल की जीप पलटी, 15 बच्चे सवार; एक छात्र घायल

आजमगढ़ के जहानागंज क्षेत्र के लपसीपुर स्थित मां लालती देवी शिक्षा निकेतन की स्कूल जीप मंगलवार सुबह बच्चों को लेकर विद्यालय जा रही थी। महाबलपुर-भुजही मोड़ के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के समय जीप में करीब 15 बच्चे सवार थे। दुर्घटना में एक छात्र घायल हो गया, जबकि अन्य सभी बच्चे सुरक्षित बच गए।

जानकारी के अनुसार जीप विभिन्न गांवों से बच्चों को लेकर भुजही से दौलताबाद की ओर जा रही थी। मोड़ पर वाहन का संतुलन बिगड़ने से वह सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने बच्चों को बाहर निकाला।

घायल छात्र की पहचान आदित्य (पुत्र धर्मवीर), निवासी धर्मपुर के रूप में हुई है। उसे तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज, चक्रपानपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसके हाथ में फ्रैक्चर और कंधे के पास चोट की पुष्टि की। अन्य बच्चों को प्राथमिक जांच के बाद सुरक्षित घर भेज दिया गया।बताया जा रहा है कि संबंधित विद्यालय बिना मान्यता के संचालित हो रहा है। वर्ष 2025 में खंड शिक्षा अधिकारी नवनीत कुमार चौबे ने कई बार विद्यालय का निरीक्षण किया था। बिना मान्यता संचालन मिलने पर विद्यालय में ताला भी बंद कराया गया था। 15 सितंबर 2025 को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई और जुर्माने की प्रक्रिया भी शुरू की थी।

 

इसके बावजूद विद्यालय के संचालन का आरोप है। सूत्रों के अनुसार 13 जुलाई 2026 को भी खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय का निरीक्षण कर बच्चों की छुट्टी कराई थी। यह भी सामने आया है कि बच्चों के परिवहन में उपयोग किया जा रहा वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं था। हादसे के बाद एक बार फिर विद्यालय की मान्यता और परिवहन व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *