विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों के दृष्टिगत ईवीएम/वीवीपैट मशीनों के एफएलसी कार्य का निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक ने किया निरीक्षण
एफएलसी कार्य 12 अक्टूबर 2026 से जिला निर्वाचन कार्यालय परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस में प्रारम्भ
निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्धारित मानकों के अनुसार की जा रही मशीनों की जांच – प्रेक्षक
आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के क्रम में जनपद आजमगढ़ में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी—फर्स्ट लेवल चेकिंग) का कार्य 12 अक्टूबर 2026 से जिला निर्वाचन कार्यालय, आजमगढ़ के परिसर में स्थित ईवीएम वेयरहाउस में प्रारम्भ हो चुका है। निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विश्वसनीय ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से एफएलसी कार्य निर्धारित मानकों एवं भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराया जा रहा है। उक्त एफएलसी कार्य के पर्यवेक्षण हेतु भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक डी०आर० भामर, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी, गुजरात द्वारा ईवीएम वेयरहाउस में पहुंचकर एफएलसी कार्य से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच से संबंधित कार्यवाही एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट सिद्धार्थ सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव ओझा,निर्वाचन कार्य से संबंधित अन्य अधिकारीगण तथा मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। एफएलसी प्रक्रिया निर्वाचन की तैयारियों का एक महत्वपूर्ण चरण है, जिसके अंतर्गत ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की कार्यक्षमता और तकनीकी स्थिति की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जांच की जाती है। इसका उद्देश्य निर्वाचन में उपयोग की जाने वाली मशीनों की कार्यशीलता सुनिश्चित करना तथा निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति आमजन एवं राजनीतिक दलों का विश्वास बनाए रखना है।
जनपद में एफएलसी कार्य की निगरानी एवं पर्यवेक्षण के लिए संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप इस कार्य को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सम्पन्न कराया जा रहा है। एफएलसी कार्य के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया की शुचिता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अपर जिलाधिकारी (भू०/रा०)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी, आजमगढ़ संजीव ओझा ने सर्वसाधारण को सूचित करते हुए बताया कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के अंतर्गत ईवीएम/वीवीपैट मशीनों का एफएलसी कार्य जिला निर्वाचन कार्यालय परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस में प्रारम्भ हो चुका है। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार संबंधित अधिकारियों एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराया जा रहा है।





