सीएमओ ने सीएचसी देवगांव व संयुक्त शौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज का किया औचक निरीक्षण

Spread the love

सीएमओ ने सीएचसी देवगांव व संयुक्त शौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज का किया औचक निरीक्षण

लालगंज (आजमगढ़)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नन्हकू राम ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवगांव एवं संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज का औचक निरीक्षण किया। वह चिकित्सकों द्वारा बाहर की दवाएं लिखे जाने की शिकायतों व चिकित्सकों के अनुपस्थित होने तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे थे।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने प्रसव कक्ष, ऑक्सीजन कक्ष, ऑपरेशन थिएटर, ओपीडी, पर्चा काउंटर, सर्जिकल वार्ड, जनरल वार्ड तथा इमरजेंसी कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उपचार और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी ली।

सीएमओ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। हालांकि कुछ कमियां सामने आई हैं, जिन्हें जल्द दूर करने के निर्देश संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. सुरजीत सिंह को दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि अस्पताल में अभी डिजिटल एक्स-रे मशीन, सीआर मशीन और अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध नहीं हैं। इन उपकरणों की स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही इन्हें स्थापित कर मरीजों को सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

सीएमओ ने कहा कि अस्पतालों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *