स्कॉर्पियो की टक्कर से भैंस और बछिया की मौत
गंभीरपुर, आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र में पहलवान ढाबा के समीप नंदी भौजी के पास एनएच हाईवे पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से सड़क पार कर रहे दो पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, अच्छछी गांव निवासी जगरनाथ यादव अपनी बछिया और शैलेश यादव भैंसको चराने के लिए ले गए थे। इसी दौरान दोनों पशु हाईवे पार कर रहे थे। बताया जा रहा है कि आजमगढ़ की ओर से लालगंज की तरफ जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने दोनों पशुओं को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि भैंस और बछिया ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में स्कॉर्पियो में सवार लोगों के घायल होने की सूचना नहीं है। दुर्घटना में शामिल वाहन का नंबर UP 32 8777 बताया जा रहा है। हादसे की जानकारी मिलते ही गंभीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी।
घटना के बाद पशु मालिक और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। पुलिस वाहन और चालक से संबंधित तथ्यों के साथ ही हादसे के कारणों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद घटना की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।





