आजमगढ़ : धर्म परिवर्तन के आरोप में पांच महिलाएं/लोग हिरासत में, कादीपुर में घर के अंदर चल रही थी बैठक
राजदेपुर मठ के महंत की सूचना पर रौनापार पुलिस ने की कार्रवाई, थाने में पूछताछ जारी
आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव में धर्म परिवर्तन के आरोप को लेकर गुरुवार को पुलिस ने एक घर में चल रही बैठक से पांच लोगों को हिरासत में लिया। राजदेपुर मठ के मठाधीश विद्यासागर भारती उर्फ आदि शिवसागर भारती की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को थाने ले आई। पुलिस मामले की जांच और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार राजदेपुर मठ के मठाधीश को सूचना मिली थी कि कादीपुर गांव में एक घर पर कुछ लोगों की बैठक चल रही है। आरोप है कि बैठक में लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित और बरगलाया जा रहा था। सूचना के बाद मठाधीश ने रौनापार पुलिस को इसकी जानकारी दी।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बैठक में मौजूद पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान कांति, सुमन, राहुल, घरभरन और बबीता के रूप में बताई जा रही है।
2022 में भी जेल जाने का दावा
मठ की ओर से लगाए गए आरोपों के मुताबिक, हिरासत में ली गई कांति पत्नी राजकुमार को वर्ष 2022 में भी धर्म परिवर्तन से जुड़े एक मामले में जेल भेजा जा चुका है। आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद दोबारा इसी तरह की गतिविधियों में शामिल हो गई।
मठाधीश ने थाने में दिया प्रार्थना पत्र
राजदेपुर मठ के मठाधीश विद्यासागर भारती ने रौनापार थाने में पांच लोगों के खिलाफ प्रार्थना पत्र देकर धर्म परिवर्तन का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले में जांच कर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए पांचों लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि बैठक में वास्तव में धर्म परिवर्तन से संबंधित कोई गतिविधि हो रही थी या नहीं। घटना के बाद गांव में चर्चा और हलचल का माहौल है।





