नाली के विवाद में युवक की गला दबाकर हत्या, प्रधानपति समेत तीन पर मुकदमा

Spread the love

नाली के विवाद में युवक की गला दबाकर हत्या, प्रधानपति समेत तीन पर मुकदमा

पवई थाना क्षेत्र के सुलेमापुर चकिया गांव की घटना, पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी

आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के सुलेमापुर चकिया गांव में शुक्रवार को नाली के विवाद को लेकर हुई कहासुनी के दौरान एक युवक की गला दबाकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान के पति समेत तीन लोगों के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। घटना के बाद से आरोपितों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

सुलेमापुर चकिया गांव निवासी वीरेंद्र पांडेय के अनुसार, उनके पड़ोसी रामलाल शर्मा ने पशुओं को रखने के लिए बरदौर बना रखा है। आरोप है कि बरदौर का गंदा पानी उनकी जमीन की ओर बहाया जा रहा था। इसी बात को लेकर तीन दिन पूर्व दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। उस समय ग्राम प्रधानपति यदुवंश त्रिपाठी ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था।

शुक्रवार को इसी विवाद को लेकर वीरेंद्र पांडेय के पुत्र हरिओम पांडेय (30) की रामलाल शर्मा से कहासुनी हो गई। विवाद की जानकारी होने पर प्रधानपति यदुवंश त्रिपाठी भी मौके पर पहुंच गए। वीरेंद्र पांडेय ने आरोप लगाया कि उनके सामने प्रधानपति ने रामलाल शर्मा और उसकी बहू चंदा के साथ मिलकर हरिओम का गला दबा दिया। इससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।

परिजन आनन-फानन में हरिओम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मौके की जांच-पड़ताल की। मृतक के पिता वीरेंद्र पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने प्रधानपति यदुवंश त्रिपाठी, रामलाल शर्मा और उसकी बहू चंदा के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपितों की तलाश के साथ ही घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *