मऊ में डीजल चोर गैंग से पुलिस की मुठभेड़: एक बदमाश को लगी गोली, तीन गिरफ्तार
कुष्मा चट्टी के पास चेकिंग में पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में उपेंद्र राजभर घायल
मऊ।_ जनपद में डीजल चोरी करने वाले गैंग पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार, 25 जून 2026 को सुबह करीब 4 बजे घोसी थाना पुलिस और स्वाट टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। फायरिंग में एक बदमाश उपेंद्र राजभर के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने मौके से तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।
ऐसे पकड़ा गया गैंग
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुबह पुलिस को सूचना मिली कि ट्रकों से डीजल चोरी करने वाला गैंग बड़ागांव-मऊ की तरफ से आ रहा है। सूचना पर पुलिस ने कुष्मा चट्टी के पास चेकिंग पॉइंट लगाया। तभी दो गाड़ियां आती दिखीं। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने रुकने के बजाय स्पीड बढ़ाकर मादी रोड की तरफ गाड़ी मोड़ दी।
उसमा के पास घेराबंदी
पुलिस ने पीछा किया। दूसरी तरफ मादी साइड में गश्त कर रही सेकंड मोबाइल ने उसमा के पास बदमाशों को घेर लिया। खुद को फंसता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायर कर दिया। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें उपेंद्र राजभर के दाहिने पैर में गोली लग गई।
तीन साथी गिरफ्तार, असलहे बरामद
मौके से पुलिस ने उपेंद्र के तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, खोखा और एक अन्य तमंचा त्रिपेश दुबे के पास से बरामद हुआ। घायल उपेंद्र को बेहतर इलाज के लिए सीएचसी दोहरीघाट भेजा गया है।
फील्ड यूनिट जुटी जांच में
अधिकारी ने बताया कि मौके पर फील्ड यूनिट बुलाकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई होगी।





