ई-रिक्शा चोर गिरोह का पर्दाफाश, छह गिरफ्तार, 20 लाख के आठ ई-रिक्शा व 36 बैटरियां बरामद, कई वारदातों का खुलासा
आजमगढ़। शहर में लगातार हो रही ई-रिक्शा चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए कोतवाली पुलिस ने अंतरजनपदीय संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के आठ चोरी के ई-रिक्शा और 36 बैटरियां बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मो. मिजान पुत्र गुफरान अहमद, अविलेश यादव उर्फ समीर यादव, विनोद जायसवाल, योगेश जायसवाल, बृजेश कुमार गुप्ता तथा तबस्सुम के रूप में हुई है। आरोपितों ने कोतवाली और सिधारी थाना क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में कोतवाली पुलिस, विशेष अपराध नियंत्रण टीम, चोरी अनावरण टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार तड़के मेहटी घाट क्षेत्र से सभी छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार गिरोह सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देता था। गिरोह की महिला सदस्य तबस्सुम शहर के विभिन्न इलाकों में बिना निगरानी खड़े ई-रिक्शों की रेकी करती थी। इसके बाद अन्य सदस्य मौका मिलते ही वाहन चोरी कर सुनसान स्थान पर ले जाते थे।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि चोरी के बाद ई-रिक्शों से बैटरियां और अन्य कीमती सामान निकालकर अलग-अलग बेच दिया जाता था, जबकि वाहन को कबाड़ अथवा अन्य माध्यमों से ठिकाने लगा दिया जाता था। बिक्री से मिली रकम गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने बताया कि बरामद सभी ई-रिक्शा कोतवाली में दर्ज छह अलग-अलग चोरी के मुकदमों से संबंधित हैं। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपित अविलेश यादव उर्फ समीर यादव के विरुद्ध चोरी, शस्त्र अधिनियम और पॉक्सो समेत कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।





