सर्वे में पसंद बताना सपा बूथ अध्यक्ष को पड़ा भारी, समर्थकों पर मारपीट का आरोप

Spread the love

सर्वे में पसंद बताना सपा बूथ अध्यक्ष को पड़ा भारी, समर्थकों पर मारपीट का आरोप

आजमगढ़ के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में सपा के संभावित प्रत्याशियों को लेकर सोशल मीडिया पर चल रहे सर्वे में अपनी पसंद बताना पार्टी के बूथ अध्यक्ष राहुल यादव को भारी पड़ गया। राहुल ने सपा विधायक नफीस अहमद के समर्थकों और अंगरक्षकों पर गाली-गलौज व मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामले में उन्होंने शनिवार को महराजगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना से संबंधित वीडियो भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया है।

राहुल यादव के अनुसार, आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सोशल मीडिया पर सपा के संभावित प्रत्याशियों का सर्वे चल रहा था। इसमें उन्होंने विधायक नफीस अहमद के बजाय किसी अन्य सपा नेता को अपनी पहली पसंद बताया था। आरोप है कि इसके बाद उन्हें फोन पर गाली-गलौज की गई।

राहुल का कहना है कि शुक्रवार शाम करीब पांच से छह बजे के बीच विधायक नफीस अहमद जनसंपर्क के दौरान समर्थकों व अंगरक्षकों के साथ सैदपुर पहुंचे थे। वह विधायक से इस संबंध में बातचीत करने पहुंचे। आरोप है कि बातचीत से पहले ही विधायक के समर्थकों और अंगरक्षकों ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।

पीड़ित का आरोप है कि घटना के समय विधायक भी मौके पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने कथित रूप से हस्तक्षेप नहीं किया। घटना के बाद मामला राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।

भाजपा नेता जयनाथ सिंह ने घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि कार्यकर्ता किसी भी राजनीतिक दल की ताकत होते हैं और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अपने कार्यकर्ता और पदाधिकारी के साथ उचित व्यवहार नहीं कर सकता तो यह चिंता का विषय है।

राहुल यादव ने पुलिस को घटना से संबंधित वीडियो भी सौंपा है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। मामले को लेकर सपा नेतृत्व की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *