आजमगढ़ में साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार,लड़की की फर्जी पहचान बनाकर लोगों को फंसाने का आरोप

Spread the love

आजमगढ़ में साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार,लड़की की फर्जी पहचान बनाकर लोगों को फंसाने का आरोप

आजमगढ़ के जीयनपुर में साइबर सेल और स्थानीय पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया पर लड़की की फर्जी पहचान बनाकर लोगों से संपर्क करता था। टेलीग्राम के जरिए अश्लील वीडियो कॉलिंग और आपत्तिजनक सामग्री उपलब्ध कराने के नाम पर पैसे वसूलने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन और 2,210 रुपये नकद बरामद किए हैं। बैंकिंग हिस्ट्री की शुरुआती जांच में करीब 4 लाख 34 हजार रुपये के क्रेडिट ट्रांजेक्शन सामने आए हैं। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों और संदिग्ध लेनदेन की विस्तृत जांच कर रही है।

:आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र में साइबर सेल और जीयनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने गोपाल चौहान नाम के युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी असरूपुर गांव का रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 22 वर्ष बताई गई है। पुलिस के अनुसार, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश से CSEAM यानी बाल यौन शोषण एवं दुर्व्यवहार से जुड़ी सामग्री के संबंध में मिले इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर लड़की की पहचान का इस्तेमाल कर लोगों से संपर्क करता था। आरोप है कि इंटरनेट से प्राप्त तस्वीरों और अश्लील वीडियो के स्क्रीनशॉट भेजकर लोगों को आकर्षित करता था और टेलीग्राम के माध्यम से वीडियो कॉलिंग तथा आपत्तिजनक सामग्री उपलब्ध कराने के नाम पर पैसे लेता था। कुछ लोगों से धोखे से मोबाइल रिचार्ज कराने की बात भी सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, एक जनवरी से 22 अक्टूबर 2026 तक की उपलब्ध बैंकिंग हिस्ट्री के शुरुआती अवलोकन में करीब 4 लाख 34 हजार रुपये के क्रेडिट ट्रांजेक्शन मिले हैं। मोबाइल फोन की प्रारंभिक जांच में आपत्तिजनक फोटो-वीडियो, वेबसाइटों की सर्च हिस्ट्री और सोशल मीडिया गतिविधियों से जुड़े साक्ष्य भी मिले हैं। हालांकि, इन सभी तथ्यों का डिजिटल साक्ष्यों और बैंकिंग अभिलेखों के आधार पर सत्यापन किया जा रहा है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जीयनपुर थाने में धोखाधड़ी, अश्लील सामग्री के प्रसार और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *