रेखा पांडे अपने हक हुकुक की लड़ाई के लिए जाएंगी आगे साहब के दरबार

Spread the love

रेखा पांडे अपने हक हुकुक की लड़ाई के लिए जाएंगी आगे साहब के दरबार

जौनपुर जनपद के रामनगर विकासखंड में चुनावी रंजिश और वर्चस्व की जंग अब हिंसक रूप लेने लगी है। रामनगर विकासखंड से भावी प्रमुख पद की प्रत्याशी रेखा पांडे और उनके परिजनों पर बीती रात जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रेखा पांडे का आरोप है कि विपक्षियों ने उन्हें जान-माल का नुकसान पहुँचाने की नीयत से इस पूरी वारदात को अंजाम दिया।

​पीड़िता रेखा पांडे ने बताया कि उनके ही पाटीदार मुन्ना पांडे (पुत्र ओम नारायण पांडे) ने पुरानी रंजिश और राजनीतिक द्वेष के चलते रात के अंधेरे में कुछ अज्ञात बाहरी अपराधियों को बुलाया। इन हमलावरों ने रेखा पांडे के घर में घुसकर उन पर और उनके परिवार के सदस्यों पर हमला बोल दिया। रेखा पांडे के अनुसार, हमलावरों ने उनके साथ जमकर मारपीट की, जिसके बाद किसी तरह जान बचाकर वे नेवढ़िया थाने पहुँचे।

​पीड़िता ने थाने में लिखित प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है, लेकिन पुलिस प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। रेखा पांडे का आरोप है कि मुन्ना पांडे एक प्रभावशाली और दबंग व्यक्ति हैं, जिसके दबाव में आकर पुलिस इस गंभीर हमले को महज ‘पारिवारिक संपत्ति विवाद’ बता रही है।

​”हमारे पास पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिसमें हमलावरों की करतूत साफ देखी जा सकती है। लेकिन पुलिस साक्ष्य देखने तक को तैयार नहीं है। प्रशासन केवल धारा 151 (शांति भंग) के तहत खानापूर्ति कर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश कर रहा है।”

— रेखा पांडे, भावी प्रमुख प्रत्याशी

​रेखा पांडे ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यदि स्थानीय पुलिस द्वारा उन्हें न्याय नहीं मिला और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो वे चुप नहीं बैठेंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि न्याय के लिए वे जल्द ही पुलिस अधीक्षक, पुलिस कमिश्नर और पुलिस महानिदेशक (DGP) के समक्ष साक्ष्यों के साथ उपस्थित होकर मदद की गुहार लगाएंगी।

​फिलहाल, इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और स्थानीय लोगों में पुलिस की निष्क्रियता को लेकर भारी रोष व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *