आजमगढ़ मे भाजपा नेता पुलिस के खिलाफ मैदान में
आजमगढ़, ऐसी कौन सी नौबत आ गयी कि सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के भीतर ही पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश का बड़ा विस्फोट हुआ है। बीजेपी के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष हरिवंश मिश्र ने अपनी ही सरकार में कंधरापुर थाना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आर-पार की जंग का ऐलान कर दिया है।
हरिवंश मिश्र ने सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र भेजकर कंधरापुर थाने पर धनउगाही, निर्दोषों को फर्जी मुकदमों में फंसाने और पुलिसिया मनमानी का गंभीर आरोप लगाया है।
जिसमें 17 अगस्त की रात हुई चोरी के प्रयास की घटना, मड़या गांव में हुई मारपीट का प्रकरण, मंदुरी बाजार में गरीब व्यक्ति पर हमला और बर्जी गांव का आपसी विवाद जैसे कई मामले शामिल है।
भाजपा नेता ने चेतावनी दी है कि पुलिस के इस रवैये से योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस और अपराध-मुक्त छवि को गहरा नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने सीएम योगी से इन सभी प्रकरणों की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
हरिवंश मिश्र ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि कंधरापुर पुलिस की तानाशाही पर तुरंत लगाम नहीं कसी गई, तो वह जनता को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर उतरकर उग्र धरना-प्रदर्शन करेंगे।





