वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शहर की यातायात व्यवस्था का लिया जायजा

Spread the love

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शहर की यातायात व्यवस्था का लिया जायजा

जौनपुर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह द्वारा नगर क्षेत्र में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों, तिराहों और संवेदनशील स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण, पार्किंग एवं आमजन की सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जेसीस चौराहा, पॉलीटेक्निक चौराहा, वाजिदपुर तिराहा सहित अन्य प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया। उन्होंने सड़क पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों, अव्यवस्थित पार्किंग तथा यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमणों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात पुलिस एवं ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को निर्देशित किया कि चौराहों पर यातायात संचालन को अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से स्कूलों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए नियमित अभियान चलाया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

निरीक्षण के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने रोडवेज परिसर का भी दौरा किया। इस दौरान रोडवेज के एआरएम के साथ बस स्टेशन परिसर की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई। उन्होंने यात्रियों की सुविधा, बसों के आवागमन, पार्किंग व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण को बेहतर बनाने के लिए समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *