आज़मगढ़ के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के चकलालचंद गांव में कथित एनकाउंटर मामले ने अब राजनीतिक रंग पकड़ लिया है। सोमवार को MLC देवेंद्र प्रताप सिंह पीड़ित अभिषेक सिंह उर्फ धर्मेंद्र सिंह के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की।
मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में MLC ने आज़मगढ़ पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि अभिषेक सिंह भाजपा के बूथ अध्यक्ष हैं, जिन्हें 28 मार्च को दिन में उनके घर से घसीटते हुए ले जाया गया।“पुलिस ने अभिषेक को कई जगह घुमाया और शाम को आंख पर पट्टी बांधकर फर्जी एनकाउंटर किया। यह सीधा-सीधा अपराध है।” MLC के अनुसार, 26 मार्च को अज्ञात में दर्ज एफआईआर के बाद पुलिस सीधे 28 मार्च को घर पहुंची और अभिषेक को उठा ले गई। बाद में घायल अवस्था में दिखाकर पुलिस ने फर्जी बरामदगी दिखाते हुए मुकदमा दर्ज कर दिया। “दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज होना चाहिए। अगर कार्रवाई नहीं हुई तो हम सदन से सड़क तक आंदोलन करेंगे।” MLC ने पुलिस अधीक्षक की भूमिका पर भी सवाल उठाए और कहा कि अब तक किसी भी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई न होना संलिप्तता की ओर इशारा करता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के सीसीटीवी फुटेज को नष्ट किया गया है। MLC देवेंद्र प्रताप सिंह ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री, डीजीपी और केंद्रीय गृह मंत्री को भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर टैग कर कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।

