लालगंज में प्रसूता की मौत के बाद सुमन हॉस्पिटल सील

Spread the love

लालगंज में प्रसूता की मौत के बाद सुमन हॉस्पिटल सील

लालगंज में बड़ी कार्रवाई, सुमन हॉस्पिटल सील

आजमगढ़। लालगंज क्षेत्र स्थित सुमन हॉस्पिटल एंड चाइल्ड केयर सेंटर में प्रसूता की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ एवं नोडल निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान डॉ. आलेन्द्र कुमार ने बुधवार को अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।

जांच में सामने आया कि उपचार के दौरान एक प्रसूता की मौत हो गई थी, जबकि नवजात की हालत गंभीर होने पर उसे अन्य अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया था।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल में फायर सेफ्टी, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, प्रशिक्षित स्टाफ, आवश्यक चिकित्सीय उपकरण एवं पंजीकरण संबंधी अभिलेखों में गंभीर खामियां मिलीं। कई जरूरी दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके। जांच टीम ने अस्पताल को शासन के मानकों के विपरीत संचालित पाया।

डिप्टी सीएमओ डॉ. आलेन्द्र कुमार ने बताया कि मरीजों की सुरक्षा से जुड़े मानकों की अनदेखी अत्यंत गंभीर मामला है। प्रथम दृष्टया लापरवाही एवं अनियमितताएं पाए जाने पर अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि जिले में बिना मानक संचालित निजी अस्पतालों और झोलाछाप गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मरीजों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। वहीं मामले में कार्रवाई के लिए लालगंज थाने को भी पत्र भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *