जिगिना करमनपुर में रास्ते की बदहाली को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, बोले- वर्षों से बनी है समस्या, जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान
आजमगढ़। सगड़ी तहसील क्षेत्र के बिलरियागंज विकासखंड अंतर्गत जिगिना करमनपुर गांव में रास्ते की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश शनिवार को खुलकर सामने आया। शनिवार दोपहर करीब एक बजे ग्रामीणों ने एकजुट होकर रास्ते की समस्या के विरोध में प्रदर्शन किया और शासन-प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आवागमन के लिए प्रमुख रास्ते की स्थिति लंबे समय से खराब है। रास्ता बदहाल होने के कारण ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के दिनों में समस्या और भी गंभीर हो जाती है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रास्ते की समस्या आज की नहीं बल्कि कई वर्षों से बनी हुई है। इसको लेकर कई बार संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत कर रास्ते के निर्माण अथवा मरम्मत की मांग की गई, लेकिन अभी तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका।
ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा ध्यान नहीं दिए जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर रास्ते की स्थिति को देखते हुए जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन की समस्या से निजात मिल सके।
प्रदर्शन के दौरान महाजन, श्याम कुमारी, सुमन, कमलावती देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आगे भी अपनी मांग को लेकर आवाज उठाने को मजबूर होंगे।





