नाबालिग को राजस्थान में बेचने के मामले में वांछित महिला गिरफ्तार, मानव तस्करी प्रकरण में बड़ी कार्रवाई
आजमगढ़ के रौनापार थाना पुलिस ने मानव तस्करी और नाबालिग की खरीद-फरोख्त से जुड़े मामले में फरार चल रही वांछित महिला अभियुक्ता पुष्पा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर राजस्थान में बेचने की साजिश में शामिल होने का आरोप है। यह मामला वर्ष 2024 में दर्ज हुआ था, जिसमें पहले ही मुख्य आरोपी सुनील यादव, अनिल यादव तथा श्रीमती देवी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब फरार चल रही सह-अभियुक्ता पुष्पा को 29 जून 2026 की सुबह रौनापार क्षेत्र के सपहा पाठक तिराहा से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि अभियुक्ता के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।





