आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र की एक युवती ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर अपने सगे मामा के लड़के पर शादी का झांसा देकर वर्षों तक शारीरिक शोषण करने, दूसरी शादी रचाने तथा दर्ज मुकदमे में सभी आरोपितों के नाम शामिल न किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता पूजा सोनकर का आरोप है कि वर्ष 2015 से उसके सगे मामा के लड़के राजन सोनकर ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब दोनों के संबंधों की जानकारी परिवार वालों को हुई तो उसकी शादी दूसरी जगह करा दी गई। आरोप है कि इसके बाद राजन ने उसकी अश्लील फोटो और वीडियो उसके पति को भेज दिए, जिससे उसका वैवाहिक जीवन टूट गया।
पीड़िता का कहना है कि बाद में आरोपी ने मंदिर में शादी का भरोसा देकर करीब छह वर्ष तक दिल्ली में पत्नी की तरह अपने साथ रखा। करीब पांच माह पहले वह उसे छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता के पास एक वर्ष 6 वर्ष का बच्चा भी है इस बीच पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। आरोप है कि जेल से छूटने के बाद उसने 29 जून को दूसरी शादी कर ली।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि दूसरी शादी का विरोध करने पर आरोपी ने साजिश के तहत उसे जहर खिलाने का प्रयास किया। वहीं 28 जून को बातचीत के बहाने बसिला गांव बुलाकर राजन सोनकर और साजन सोनकर ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में मेहनगर थाने में एफआईआर दर्ज हुई, लेकिन उसमें केवल दो लोगों को नामजद किया गया।

एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना में सोलू सोनकर, राजू सोनकर (प्रधान), सागर सोनकर और सरेब सोनकर समेत अन्य लोग भी शामिल थे, लेकिन उनके नाम एफआईआर में शामिल नहीं किए गए। उसने सभी आरोपितों के नाम जोड़ने, आवश्यक धाराएं बढ़ाने, निष्पक्ष विवेचना कराने तथा सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है





