भारत की सेना में जो जज्बा है, दुनिया की किसी सेना में नहीं : वीपी मलिक
लाखों की लागत से बनेगा कारगिल शहीद रामसमुझ यादव स्मारक, शहीद मेला में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
आजमगढ़ सगड़ी तहसील के शहीद पार्क नत्थूपुर अंजान शहीद में रविवार को कारगिल शहीद रामसमुझ यादव की 26वीं पुण्यतिथि पर शहीद मेला एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सेनाध्यक्ष वीपी मलिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के जवानों में जो जज्बा है, वह दुनिया की किसी सेना में नहीं है। देश की सेना हर चुनौती का सामना करने में सक्षम है।

कार्यक्रम में शहीद रामसमुझ यादव के विशाल चित्र पर अतिथियों और लोगों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। छात्रों ने देशभक्ति गीत, नाटक और कारगिल युद्ध पर आधारित प्रस्तुतियां देकर लोगों को भावुक कर दिया। अतिथियों को अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। पूर्व सेनाध्यक्ष वीपी मलिक ने पूर्वांचल के 35 शहीद परिवारों को सम्मानित किया।
पूर्व सेनाध्यक्ष वीपी मलिक ने कहा कि वर्तमान सरकार ने सेना को खुली छूट दे रखी है। कोई भी देश हिमाकत करता है तो उसे उसके घर में घुसकर जवाब देने की पूरी छूट है। इससे जवानों का हौसला बढ़ा है और देश ऐसी सेना के दम पर सुरक्षित है। उन्होंने 13 कुमाऊं रेजीमेंट की वीरता का उल्लेख करते हुए कहा कि इस रेजीमेंट ने 1962 में चीन के सामने अपनी वीरता का लोहा मनवाया था। कारगिल युद्ध में 114 जवान शहीद हुए। जवानों ने मुश्किल घड़ी में कहा था कि पहली गोली पाकिस्तान ने मारी है और अंतिम गोली हम मारेंगे।
*लाखों की लागत से बनेगा शहीद स्मारक*
सांसद धर्मेंद्र यादव ने शहीद रामसमुझ यादव की स्मृति में बनने वाले म्यूजियम का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि रामसमुझ यादव जैसे वीर सपूत पर पूरे देश को गर्व है। उन्होंने बताया कि शहीद पार्क में लाखों रुपये की लागत से भव्य शहीद स्मारक का निर्माण कराया जाएगा। यह स्मारक युवाओं को देशभक्ति और सेना में जाने की प्रेरणा देगा।
सांसद ने कहा कि देश के 140 करोड़ लोग जिन परिस्थितियों में चैन की नींद सोते हैं, उसके पीछे हमारे वीर जवानों और शहीद परिवारों का त्याग है। शहीदों की कुर्बानी से ही तिरंगा हमेशा ऊंचा रहता है और कभी झुकता नहीं।
धर्मेंद्र यादव ने अग्निवीर योजना को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चार वर्ष के लिए सैनिक के रूप में सेवा करने के बाद युवाओं के सामने भविष्य का संकट खड़ा हो जाता है। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना को समाप्त करने का निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पैरा मिलिट्री फोर्स के जवानों की पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की मांग भी सरकार बनने पर पूरी की जाएगी। उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव की सरकार बनने पर इस स्थान को ऐतिहासिक शहीद स्मारक के रूप में विकसित किया जाएगा।
शहीद के भाई प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि यह कार्यक्रम देश के शहीद परिवारों को समर्पित है और लोगों के सहयोग से यह आयोजन आगे भी जारी रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन प्रदीप तिवारी ने किया। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री बलराम यादव, विधायक संग्राम सिंह यादव, विधायक बेचई सरोज, विधायक नफीस अहमद, विधायक सगड़ी किशन सिंह पटेल, पूर्व एमएलसी राकेश सिंह गुड्डू, जिला पंचायत अध्यक्ष मनीष कुमार मिश्रा समेत समाजवादी पार्टी के कई नेता और क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।
अंत में भोजपुरी कलाकार समर सिंह और खुशी कक्कड़ ने गीतों की प्रस्तुति दी। कलाकारों के गीतों पर दर्शक जमकर झूमे और कार्यक्रम स्थल पर देर तक उत्साह का माहौल बना रहा।





