मेहनगर में प्रेमिका से मिलने आए प्रेमी की संदिग्ध परिस्थितियों मौत हत्या या आत्महत्या की गुत्थी में उलझी पुलिस सीओ ने कहा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्यवाही युवती से पूछताछ जारी
आजमगढ़ के मेहनगर थाना क्षेत्र के सिधारी गांव में प्रेमिका से मिलने आए 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है जानकारी के अनुसार, जहानागंज थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव निवासी दीपक पुत्र चन्द्रभान राम का मेहनगर थाना क्षेत्र के सिधारी गांव निवासी एक लड़की से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि युवक ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने के बाद फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही मेहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल शुरू कर दी है। युवती को हिरासत में लेकर युवक की मौत के संबंध में पूछताछ की जा रही है। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।





