महिला आरक्षण बिल को लेकर महिलाओं का पांच दिवसीय धरना शुरू

Spread the love

महिला आरक्षण बिल को लेकर महिलाओं का पांच दिवसीय धरना शुरू

आजमगढ़। महिला आरक्षण बिल को लेकर आजमगढ़ में राजनीतिक माहौल गरमा गया। शहर स्थित PDA भवन के सामने महिलाओं ने पांच दिवसीय धरना प्रदर्शन शुरू करते हुए समाजवादी पार्टी सांसद धर्मेंद्र यादव के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान “महिला विरोधी सपा हाय-हाय” और “महिलाओं के अधिकार की जब बारी है, सपा घबराई हुई है” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आजमगढ़-अयोध्या मार्ग पर बैठकर विरोध जताया और कहा कि महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी और समान अधिकार दिलाने की लड़ाई जारी रहेगी। महिलाओं का आरोप है कि विपक्षी दलों ने महिला आरक्षण बिल का समर्थन नहीं किया, जिसके विरोध में यह धरना आयोजित किया गया है।

महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को समान अधिकार दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं, जबकि समाजवादी पार्टी महिलाओं के अधिकारों को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए जारी रहेगा।

धरना प्रदर्शन के दौरान कुछ आक्रोशित महिलाओं ने PDA भवन में प्रवेश करने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें गेट पर ही रोक लिया और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद महिलाएं सड़क किनारे बैठकर धरना देती रहीं।

वहीं, समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अशोक यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा महिलाओं के पीछे छुपकर देश की संवैधानिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा महिलाओं का सम्मान किया है और स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के समय से ही बहन-बेटियों के सम्मान की परंपरा चली आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *